Breaking News

राहुल गांधी ने लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’ पोर्टल, देशभर के संघर्षों को एक मंच पर लाने की पहल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘सत्याग्रह’ नाम से डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया। इसका उद्देश्य देशभर में अपने अधिकारों और विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज और उनकी कहानियों को एक मंच पर लाना है। कांग्रेस के अनुसार पोर्टल पर दर्ज संघर्षों को एक नक्शे पर प्रदर्शित किया जाएगा।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पोर्टल की जानकारी साझा करते हुए कहा कि देशभर में लोग अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं और कई बार उन्हें अपनी लड़ाई अकेले लड़नी पड़ती है। उन्होंने छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों, महिलाओं और युवाओं के संघर्षों का उल्लेख किया। राहुल गांधी ने कहा कि प्रत्येक संघर्ष की अपनी कहानी है और ‘सत्याग्रह’ इन्हीं आवाजों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल है। उन्होंने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्य सबसे बड़ा हथियार है और एकजुट होकर सच के लिए खड़ा होना इसकी ताकत को बढ़ाता है। राहुल गांधी ने अन्याय या अपनी समस्याओं के खिलाफ संघर्ष कर रहे लोगों से पोर्टल पर अपनी कहानी साझा करने की अपील की। उनके मुताबिक जानकारी दर्ज करने में करीब दो मिनट का समय लगेगा और लोग नक्शे के माध्यम से यह भी देख सकेंगे कि देश के अन्य हिस्सों में उनके जैसे मुद्दों को लेकर कौन संघर्ष कर रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि पोर्टल पर साझा किए गए मुद्दों पर वह अपनी ओर से हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में लोगों के साथ खड़ा होना उनकी जिम्मेदारी है। लॉन्च के कुछ ही घंटों में पोर्टल पर 10 हजार से अधिक लोगों और समूहों की ओर से संघर्ष साझा किए जाने की जानकारी सामने आई।

Check Also

राहुल से मुलाकात और स्वामी का बड़ा ऐलान, INDIA गठबंधन में शामिल होगी अपनी जनता पार्टी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार दिल्ली। अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *