Breaking News

महाकुंभ से पहले इस ऐतिहासिक इमारत का होगा कायाकल्प, ब्रिटिशकाल से जुड़ा है इतिहास

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
प्रयागराज। प्रयागराज के सबसे पुराने होटल ग्रेट नॉर्दन का कायाकल्प किया जा रहा है। भवन का जीर्णोद्धार पुराने जमाने में इस्तेमाल होने वाली चीजों से किया जा रहा है। यह काम दिसंबर 2024 से तक पूरा होने की उम्मीद है।
प्रयागराज में 150 साल पुरानी एक इमारत का 27 करोड़ रुपये की लागत से रिनोवेशन का काम किया जा रहा है। प्रयागराज नगर निगम के सलाहकार सूरज वीएस ने बताया कि इमारत को संरक्षित करने का फैसला भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और आईआईटी बॉम्बे की सलाह के बाद लिया गया। महाकुंभ से पहले इस बिल्डिंग के रिनोवेशन के काम को भी पूरा कर लिया जाएगा। ये इमारत ब्रिटिश काल में चर्चित होटल हुआ करती थी, लेकिन अब ये नगर निगम का कार्यालय है। इमारत के रिनोवेशन का काम दिसंबर 2024 तक पूरा होने की योजना है और 2025 की शुरुआत में होने वाले महाकुंभ के दौरान इसे धरोहर स्थल (हेरिटेज साइट) के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। हालांकि, पहले इस इमारत को तोड़कर नए सिरे से बनाए जाने की योजना थी, जिसे मंजूरी नहीं दी गई।
बताते चलें कि ब्रिटिशकाल में सन 1865 के आसपास संगम नगरी में बने सबसे पुराने ‘ग्रेट नॉर्दर्न’ होटल और बाद में नगर निगम कार्यालय में तब्दील हो गया। भारतीय राष्ट्रीय कला और सांस्कृतिक धरोहर ट्रस्ट (इनटैक) की प्रयागराज इकाई के संयुक्त सचिव वैभव मैनी के मुताबिक, अमेरिकी लेखक मार्क ट्वेन 1896 के आसपास जब इलाहाबाद आए थे तो इसी होटल में ठहरे थे। वर्ष 1930-40 के दौरान अंग्रेज सरकार ने इस भवन को प्रशासनिक भवन में तब्दील कर दिया था। प्रयागराज की इस प्राचीन धरोहर में इतिहास के कई रोचक पन्ने समाहित हैं और जीर्णोद्धार होने के बाद महाकुंभ में आने वाले पर्यटक इसका दीदार कर सकेंगे। नगर निगम के इस भवन के जीर्णोद्धार की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। दिसंबर 2020 में इस भवन के एक हिस्से में बने कमरे की छत गिर गई थी। अधिकारियों ने पूरे भवन को गिराकर नया भवन बनाने का विचार किया, लेकिन इस प्राचीन धरोहर के बारे में पता लगाने पर इसके गर्भ में रहे कई रोचक तथ्य उजागर हुए और फिर इसका जीर्णोद्धार कर इसे संरक्षित करने का निर्णय किया गया।
नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि यह भवन प्रयागराज की धरोहर है, जिसे संरक्षित रखने की पहल की गई है। जीर्णोद्धार के बाद यह भवन अपने नए रंग रूप में लोगों को आकर्षित करेगा। प्रयागराज नगर निगम के मुख्य अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि नगर निगम के भवन का पुनरुद्धार करने के लिए निविदा आमंत्रित की गई है।

Check Also

कौशल विकास मिशन का बड़ा कदम, युवाओं को मिलेगा फ्यूचर-रेडी प्रशिक्षण : कपिल देव अग्रवाल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES