Breaking News

श्री काशी विश्वनाथ धाम में सुरों और नृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में भक्ति, संगीत और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। धाम के मंदिर चौक (शंकराचार्य चौक) में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में गायन और नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में रंजना रॉय और शुभम द्विवेदी ने सुमधुर गायन प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर किया। वहीं, राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित कलाकार पंडित विशाल कृष्ण ने अपनी विशिष्ट कलात्मक प्रस्तुति से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। महाराष्ट्र से आईं स्वाति कोहले और उनके समूह ने पारंपरिक नृत्य के जरिए भारतीय लोक कला और सांस्कृतिक परंपराओं की मनोहारी झलक पेश की। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की।
नवरात्रि के दौरान धाम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इन आयोजनों के माध्यम से मां भगवती की आराधना और भगवान श्री विश्वेश्वर के प्रति श्रद्धा के साथ भारतीय कला, संगीत और नृत्य की समृद्ध परंपराओं को भी मंच मिल रहा है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सनातन परंपराओं का संरक्षण, भारतीय सांस्कृतिक विरासत का संवर्धन और नई पीढ़ी को देश की विविध कलाओं से जोड़ना है। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का यह समन्वय काशी की आध्यात्मिक पहचान को और सजीव बना रहा है। नवरात्रि के अवसर पर धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन भक्ति के साथ भारतीय संस्कृति को करीब से अनुभव करने का अवसर बन रहा है।

Check Also

किसानों के मुद्दों पर जल्द सड़क पर उतरेगा आंदोलन : चौधरी सुनील सिंह

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार प्रयागराज। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *