Breaking News

रेलवे की 514 बड़ी परियोजनाओं की निगरानी अब डिजिटल तकनीक से होगी मजबूत

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। भारतीय रेल की निर्माण परियोजनाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाने के लिए अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) में गुरुवार को बीआईएम आधारित परियोजना प्रबंधन सूचना प्रणाली (पीएमआईएस) पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला शुरू हुई। 15 और 16 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यशाला में रेलवे बोर्ड, क्षेत्रीय रेलों और रेलवे के सार्वजनिक उपक्रमों के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
भारतीय रेल वर्तमान में लगभग 40 हजार किलोमीटर क्षेत्र में फैली 18.31 लाख करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 514 प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं पर काम कर रही है। इनमें नई रेल लाइनें बिछाने, दोहरीकरण, संरक्षा सुधार और आधुनिकीकरण के कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं की निगरानी में डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल और एक समान कार्यप्रणाली विकसित करने पर कार्यशाला में जोर दिया जा रहा है।
आरडीएसओ के अपर महानिदेशक काजी मेराज अहमद ने अधिकारियों और प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए बीआईएम तकनीक से युक्त परियोजना प्रबंधन प्रणाली को अपनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। कार्यशाला में आरडीएसओ के महानिदेशक प्रभात दनसाना और रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य राजेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
कार्यशाला में मिट्टी के कार्य, पुल, सुरंग और वायाडक्ट निर्माण की निगरानी, निर्धारित समयसीमा के अनुसार प्रगति का आकलन, डिजिटल मापन और बिलों के सत्यापन जैसे विषयों पर चर्चा हुई। मोबाइल एप के जरिए निर्माण स्थलों की प्रगति दर्ज करने तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से निगरानी और समय-सारणी प्रबंधन बेहतर बनाने पर भी विचार किया गया। इसके अलावा बीआईएम आधारित प्रणाली को रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (क्रिस) द्वारा विकसित रेलवे परियोजना स्वीकृति एवं प्रबंधन प्रणाली (आईआरपीएसएम) से जोड़ने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इससे आंकड़ों की दोहरी प्रविष्टि कम करने और परियोजनाओं की सत्यापित प्रगति रेलवे बोर्ड तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों ने तकनीकी ज्ञान साझा करने और समन्वित कार्यप्रणाली अपनाने पर बल दिया। उम्मीद है कि डिजिटल निगरानी से परियोजनाओं का बेहतर नियंत्रण, संसाधनों का प्रभावी उपयोग और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Check Also

किसानों के मुद्दों पर जल्द सड़क पर उतरेगा आंदोलन : चौधरी सुनील सिंह

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार प्रयागराज। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *