– 65 प्रेरणा मार्ट बने ग्रामीण महिला उद्यमियों का बाजार, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिल रही पहचान
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी। नवरात्र में मां दुर्गा की पूजा के लिए बाजारों में बढ़ती मांग वाराणसी की ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और आमदनी का अवसर बन रही है। हरहुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुर्दहा में माहेश्वरी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पूजा कॉम्बो पैक तैयार कर आत्मनिर्भरता की नई राह बना रही हैं। इन पैक में चुनरी, रोली, चंदन, सिंदूर, अक्षत, धूप, कपूर, कलावा और हवन सामग्री समेत पूजा की जरूरी वस्तुएं उपलब्ध हैं।
समूह की निहारिका देवी और सीमा देवी अन्य महिलाओं के साथ मिलकर इन पैक को तैयार करती हैं। कोई सामग्री की छंटाई करता है तो कोई उसे व्यवस्थित तरीके से पैक करता है। त्योहारों पर पूजा सामग्री की बढ़ती मांग को महिलाओं ने आजीविका से जोड़ दिया है। इससे उन्हें परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का अवसर मिल रहा है।
65 प्रेरणा मार्ट से बाजार तक पहुंच रहे उत्पाद :
महिलाओं के बनाए उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने में प्रेरणा मार्ट अहम भूमिका निभा रहे हैं। योगी सरकार की महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की पहल के तहत वाराणसी में कुल 65 प्रेरणा मार्ट संचालित हैं। उपायुक्त (स्व रोजगार) पवन कुमार सिंह के अनुसार, जिले के आठ ब्लॉकों में आठ-आठ मार्ट और जिला मुख्यालय पर एक मार्ट संचालित है। इनका संचालन स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं करती हैं। ब्लॉक मिशन मैनेजर पूजा तिवारी के मुताबिक, इन मार्ट के जरिए महिलाएं उत्पाद तैयार करने के साथ उनकी बिक्री और विपणन से भी जुड़ रही हैं। इससे उन्हें उद्यमी के रूप में पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है।
समूह की सदस्य निहारिका देवी ने कहा कि पूजा कॉम्बो पैक की बिक्री से आमदनी बढ़ाने में मदद मिल रही है। वहीं, सीमा देवी के मुताबिक, स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें घर की जिम्मेदारियों के साथ कुछ नया करने का अवसर मिला है। महिलाओं की यह पहल स्थानीय उत्पादों को बाजार देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।