– दक्षणा फाउंडेशन की चयन परीक्षा से मिलेगा दाखिला, एक साल तक कोचिंग के साथ आवास और भोजन की सुविधा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। आर्थिक तंगी अब मेधावी विद्यार्थियों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने के सपनों में बाधा नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध करा रही है। इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को जेईई और नीट की निःशुल्क तैयारी का मौका मिलेगा।
दक्षणा फाउंडेशन की संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा (जेडीएसटी-2027) के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को पुणे के निकट स्थित दक्षणा वैली परिसर में एक वर्ष तक कोचिंग, आवास और भोजन की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इससे महंगी कोचिंग का खर्च उठाने में असमर्थ विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।
अंकों और आय के आधार पर होगा चयन :
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह के अनुसार, शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में पढ़ने वाले और मई 2027 तक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इंजीनियरिंग वर्ग के लिए सामान्य श्रेणी के छात्रों के कक्षा 10 के गणित और विज्ञान में 85 प्रतिशत तथा छात्राओं के लिए 80 प्रतिशत अंक का मानक निर्धारित है। मेडिकल वर्ग में सामान्य श्रेणी के लिए 80 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 75 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 65 प्रतिशत कटऑफ तय है। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अलग मानक भी निर्धारित हैं। आय की शर्तों के अनुसार, छात्रों के परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये और छात्राओं के परिवार की आय पांच लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
प्रधानाचार्यों को निर्देश :
समाज कल्याण विभाग ने सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को पात्र विद्यार्थियों को योजना की जानकारी देने तथा आवेदन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक बाधाओं के बावजूद उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। जेडीएसटी-2027 के लिए आवेदन दक्षणा फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट https://apply.scholarship.dakshana.org पर किया जा सकता है।