वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
मेरठ। नारी शक्ति का संकल्प जब शिक्षा से जुड़ता है तो बदलाव की नई राह खुलती है। मेरठ के रजपुरा ब्लॉक स्थित रजपुरा प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पुष्पा यादव इसी बदलाव की मिसाल बन रही हैं। योगी सरकार के ऑपरेशन कायाकल्प से मिली सुविधाओं और अपने निजी प्रयासों से उन्होंने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल विकसित किया है। यहां बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल, योग, कला, संगीत और अंग्रेजी वार्तालाप जैसी गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। नवरात्र के अवसर पर पुष्पा यादव का प्रयास महिला सशक्तीकरण और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है।
ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना पुष्पा यादव का लक्ष्य है। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत मिली सुविधाओं का बेहतर उपयोग करते हुए निजी संसाधनों से भी विद्यालय को संवारने में योगदान दिया। साफ-सफाई, बेहतर फर्नीचर और पढ़ाई के अनुकूल वातावरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। वर्तमान में विद्यालय में करीब डेढ़ सौ बच्चे अध्ययनरत हैं।
अंग्रेजी वार्तालाप से बढ़ रहा आत्मविश्वास :
बच्चों को अंग्रेजी वार्तालाप का अभ्यास कराया जाता है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख सकें। गतिविधि आधारित शिक्षण के जरिए पढ़ाई को रुचिकर बनाया जा रहा है। इंडोर और आउटडोर खेलों के साथ प्रार्थना सभा में योगाभ्यास भी कराया जाता है। इससे बच्चों में अनुशासन, एकाग्रता और टीम भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
पुस्तकालय से मिल रही ज्ञान की नई दुनिया :
विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए विद्यालय में पुस्तकालय की व्यवस्था की गई है। पुष्पा यादव के परिवार और मित्र भी पुस्तकें उपलब्ध कराकर सहयोग करते हैं। यहां बच्चे विज्ञान, इतिहास, भूगोल और महापुरुषों की जीवनियों के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।
अभिभावकों को भी शिक्षा से जोड़ा :
बच्चों की पढ़ाई में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए नियमित अभिभावक-शिक्षक बैठकें आयोजित की जाती हैं। विद्यालय में बाल वाटिका बनाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है। पुष्पा यादव की पहल बताती है कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी उपयोग और शिक्षक का समर्पण मिलकर सरकारी स्कूलों को बेहतर शिक्षा का केंद्र बना सकते हैं।