Breaking News

तेरा बैकग्राउंड सब जानता हूं, तेरे बेटे की सुपारी मिली है…, सर्राफा व्यापारी को मिली धमकी, मचा हड़कंप, 2गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
बांदा। बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी को बेटे के अपहरण और पांच लाख रुपये की फिरौती की धमकी भरा पत्र मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पत्र में न केवल व्यापारी के बेटे के अपहरण की बात कही गई, बल्कि पैसे न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पड़ोसी जनपद चित्रकूट में व्यापारी के बेटे के अपहरण व हत्या की घटना लोगों के जेहन में ताजा है, जिससे दहशत और बढ़ गई।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदा घाट निवासी डिंपल सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सर्राफा व्यापारी हैं और उनकी दुकान घर से कुछ दूरी पर स्थित है। बीते दिनों उनकी दुकान में एक पत्र पहुंचा, जिसमें लिखा था कि भेजने वाला उनका पूरा बैकग्राउंड जानता है और उनके बेटे की सुपारी दी जा चुकी है। पत्र पढ़ते ही व्यापारी और उनके परिजन भयभीत हो गए। उन्होंने बिना देरी किए तिंदवारी थाने पहुंचकर पुलिस को पत्र सौंपते हुए शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनि सिंह और भानु सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने रंगदारी वसूलने के इरादे से धमकी भरा पत्र भेजा था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
बच्चे की जान या 5 लाख कैश चाहिए :
पत्र में उनके बेटे को अगवा करने, पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने और रकम न देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई थी.धमकी भरे पत्र में बदमाशों ने लिखा था कि ‘सुन डिंपल तेरा फैमिली बैकग्राउंड सब जानता हूं, तुम्हारे लड़के की मुझे तीन लाख में सुपारी मिली है। अब तुम क्या चाहते हो, बच्चे की जान या 5 लाख कैश चाहिए, देख अगर तू चाहता है कि तेरी फैमिली सलामत रहे, तो 5 लाख का कैश तैयार रखना, अगर नहीं चाहता तो अपने बच्चे की बॉडी देखने के लिए तैयार रहना. हम तुझसे सम्पर्क करेंगे, जो भी फैसला हो बता देना. अगर किसी को बताने की कोशिश की तो अपनी पत्नी और बच्चे को खो दोगे। मैं तुझसे एक बार सम्पर्क करूंगा, जो भी फैसला हो बता देना’।

Check Also

गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी, बाजार में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारकानपुर। कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के निनाया बाजार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES