– एएनटीएफ वाराणसी और गाजीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ/ सोनभद्र। उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की वाराणसी ऑपरेशनल यूनिट और गाजीपुर थाना टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 390 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 78 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 520 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) एवं अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध), लखनऊ के मार्गदर्शन में तथा पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ लखनऊ के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एएनटीएफ लखनऊ के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सौरभ कुमार सोनी पुत्र मुन्ना सोनी, निवासी डिबुलगंज दुर्गा मंदिर, थाना अनपरा, जनपद सोनभद्र (आयु लगभग 24 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह हेरोइन को सस्ते दामों पर खरीदकर आस-पास के कस्बों और जनपदों में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था।
अभियुक्त के खिलाफ थाना पिपरी, जनपद सोनभद्र में मु.अ.सं. 222/2025, धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।