Breaking News

‘साइबर जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण कार्यशाला’ : सुरक्षित डिजिटल उत्तर प्रदेश की दिशा में बड़ा कदम

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ / कानपुर। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस द्वारा एच.बी.टी.यू. (Harcourt Butler Technical University) में आयोजित “साइबर जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण कार्यशाला” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल, जिलाधिकारी कानपुर, व्यापार मंडल के सदस्य, उद्योगपति, बैंक अधिकारी, शिक्षक, छात्र, एनजीओ प्रतिनिधि तथा पुलिस अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए डीजीपी ने कहा कि “डिजिटल युग में साइबर जागरूकता केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच है।” उन्होंने बताया कि कोविड-19 काल के बाद ई-कॉमर्स में 60–70% वृद्धि दर्ज की गई है, वहीं साइबर अपराधों की घटनाएं भी तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने चेताया कि “डिजिटल अरेस्ट” जैसे नए साइबर अपराध उभर रहे हैं, जिनसे सभ्रांत वर्ग भी शिकार हो रहा है।
डीजीपी ने कहा कि साइबर अपराध का दायरा समाज के हर वर्ग तक फैल चुका है — बच्चे साइबर बुलिंग, महिलाएं साइबर स्टॉकिंग और सामान्य नागरिक ऑनलाइन ठगी के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने साइबर अपराध के तीन प्रमुख कारण — लालच, भय और लापरवाही बताए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें, गोल्डन टाइम फ्रेम के भीतर रिपोर्ट करें और सही जानकारी दर्ज कराएं। डीजीपी ने कहा कि बच्चों और युवाओं को ऑनलाइन गेमिंग व सोशल मीडिया की लत के खतरों से जागरूक करना आवश्यक है।
पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “साइबर अपराध की जांच कठिन नहीं, बल्कि पूर्णतः SOP आधारित और सरल प्रक्रिया है। हर अधिकारी इसे सीखकर सामान्य अपराधों से भी तेजी से निपट सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि जैसे-जैसे पुलिसकर्मियों का कौशल और आत्मविश्वास बढ़ेगा, वैसे ही नागरिकों का पुलिस पर भरोसा भी मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा में नागरिक सहभागिता ही सफलता की कुंजी है। मजबूत पासवर्ड, अपडेटेड सॉफ्टवेयर और जागरूकता अपनाकर हम सुरक्षित डिजिटल वातावरण बना सकते हैं।
डीजीपी ने अंत में कहा कि “उत्तर प्रदेश पुलिस नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और त्वरित साइबर कानून प्रवर्तन के लिए प्रतिबद्ध है। सुरक्षित डिजिटल उत्तर प्रदेश तभी बनेगा जब जनता और पुलिस एकजुट होकर इस मिशन में सहभागी बनें।”

Check Also

राज्यपाल से राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रशिक्षु अधिकारियों की शिष्टाचार भेंट

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से सोमवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES