वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। एस. आर. ग्लोबल स्कूल, बक्शी का तालाब, लखनऊ में वार्षिकोत्सव ‘उड़ान–2025’ का भव्य एवं सफल आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर रंगारंग प्रस्तुतियों, देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता से सराबोर रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और रचनात्मकता का उत्कृष्ट उदाहरण बना।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश मंत्री संजय राय, विधान परिषद् सभापति कुँवर मानवेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष विनय मौर्य, डीजीआरपी प्रकाश, मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार रहीस सिंह, मुख्यमंत्री ओएसडी देवेंद्र सिंह चौहान, एमएलसी रामचंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री के निजी सचिव किशोर पंत, पूर्व जिला अध्यक्ष अचिंत मल्होत्रा, एमएलसी अंगद सिंह, अनूप गुप्ता, इंजी. अवनीश पटेल, प्रदेश महामंत्री शंकर लोधी, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, संगठन मंत्री (पूर्वी उत्तर प्रदेश) घनश्याम शाही, तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अलावा लखनऊ और सीतापुर के कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कुलपति, प्राचार्य और शिक्षक भी इस अवसर पर शामिल हुए।
कार्यक्रम का प्रारंभ स्वागत गीत “कार्यक्रम स्वागतम्” से हुआ। इसके पश्चात् ‘आई गिरी नंदिनी स्तोत्र’ और ‘शिव तांडव’ जैसी ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चों ने ‘बम बम भोले मस्ती में डोले’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।विद्यालय के चेयरमैन एवं विधान परिषद् सदस्य पवन सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सर्वांगीण प्रगति ही विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है। मुख्य अतिथि धर्मपाल सिंह ने एस. आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “चेयरमैन पवन सिंह चौहान के नेतृत्व में एस. आर. ग्लोबल स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है और यह संस्थान आने वाले समय में नई ऊँचाइयाँ हासिल करेगा।”
बच्चों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। प्री–प्राइमरी से केजी वर्ग के बच्चों ने ‘Barbie’, ‘Mahadev’ और ‘Chair and Umbrella’ जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कश्मीरी और फ्लेमिंगो नृत्य के साथ महाराणा प्रताप पर आधारित प्रस्तुति ने भी खूब तालियाँ बटोरीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा चारों युगों पर आधारित नृत्य–नाटिका ‘युग’, जिसमें सतयुग से कलियुग तक की घटनाओं को प्रभावशाली रूप से मंचित किया गया। वहीं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी देशभक्ति प्रस्तुति और रोमांचक ‘हॉरर डांस’ ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
करीब 30,000 दर्शकों की उपस्थिति में विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और अनुशासन से गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन विद्यालय के वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान और सुष्मिता सिंह चौहान के कुशल मार्गदर्शन में हुआ। पीयूष सिंह चौहान ने बच्चों की प्रस्तुतियों और शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि “यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और सामूहिक प्रयास का सुंदर उदाहरण है।” कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।