Breaking News

लखनऊ जिला कारागार में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारम्भ

– कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा बंदियों को भी समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जायेगा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश की जेलों में बंद गरीब एवं असहाय बंदियों को विधिक सहायता, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए योगी सरकार निरंतर कदम उठा रही है। इसी क्रम में सोमवार को लखनऊ जिला कारागार में राजेश सिंह दयाल फाउंडेशन के तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारम्भ कारागार मंत्री श्री दारा सिंह चौहान ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कारागार मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जेलों में रह रहे बंदियों को भी समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि बंदियों को महाकुंभ स्नान से लेकर पढ़ाई और रोजगार तक की सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि रिहाई के बाद उन्हें समाज में उचित स्थान मिल सके।
श्री चौहान ने दयाल फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बंदियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। शिविर में जनरल मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स जैसी ओपीडी सेवाओं के साथ एक्स-रे, ईसीजी, रक्त परीक्षण, पीएफटी जांच तथा निःशुल्क दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई। मंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश की अन्य जेलों में भी चरणबद्ध तरीके से ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
कारागार मंत्री ने कहा कि योगी सरकार बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य और पुनर्वास को विशेष महत्व दे रही है। इसके तहत नियमित काउंसलिंग, योग अभ्यास और मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही गंभीर बीमारियों से पीड़ित एवं वृद्ध बंदियों की समय पूर्व रिहाई के मामलों को शीघ्रता से निस्तारित किया जा रहा है।
आयोजित शिविर से लखनऊ जिला कारागार के 1000 से अधिक बंदियों को लाभ मिला। इस अवसर पर महानिदेशक कारागार पीसी मीना, वरिष्ठ अधीक्षक आरके जायसवाल, जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी, सुनील दत्त मिश्रा, अभय शुक्ला, कारागार चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन दुबे सहित दयाल फाउंडेशन के चिकित्सक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Check Also

राम मंदिर दान प्रकरण : दानदाता अनुराग रस्तोगी ने उठाए कई सवाल, कहा एसआईटी जांच में करूंगा पूरा सहयोग

– दानदाता अनुराग रस्तोगी ने व्यक्तिगत रूप से 1-1 किलो चांदी के एक दीपक व …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES