– शिक्षा तभी सार्थक है जब वह संस्कारयुक्त हो और महापुरुषों व राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव जगाए – मुख्यमंत्री
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
बस्ती। लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनपद बस्ती में सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल ज्ञान के माध्यम नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला भी रखते हैं। उन्होंने सरस्वती शिशु मन्दिर से निकले विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये युवा समाज को नई दिशा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मंत्री डॉ. शैलेश सिंह की पुस्तक “पं. दीन दयाल उपाध्याय एवं एकात्मक मानवदर्शन” का विमोचन भी किया और विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि गोरक्ष प्रान्त को सौभाग्य प्राप्त है कि वह विद्या भारती जैसे अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान की मातृभूमि है। देशभर में इसके अंतर्गत संचालित हजारों शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब वह संस्कारयुक्त हो और महापुरुषों व राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव जगाए।
उन्होंने बताया कि सरस्वती शिशु मन्दिर से निकले विद्यार्थी जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व कर रहे हैं। किसी भी राष्ट्र के समृद्ध और आत्मनिर्भर बनने की शुरुआत शिक्षा से होती है। शिक्षा के बाद स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन और कौशल विकास जैसे क्षेत्र प्राथमिकता पाते हैं और इसी से समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत ने अपनी परम्पराओं और महान पुरूषों की विरासत को सहेजकर ही प्रगति की है। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव के बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि भारतीयता की रक्षा के लिए उनका योगदान अद्वितीय है। इसी तरह प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण की परंपरा हमारी आस्था और गौरव का आधार है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए “वोकल फॉर लोकल” के मंत्र को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक अहम कदम बताते हुए कहा कि त्योहारों पर स्थानीय उत्पादों को अपनाना चाहिए, ताकि कारीगरों और हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहन मिल सके।
उन्होंने तकनीक के अति-निर्भर उपयोग के प्रति सचेत किया और कहा कि टेक्नोलॉजी का प्रयोग उतना ही होना चाहिए, जितना हमारे लिए उपयोगी हो। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है। बड़े निवेश और रोजगार सृजन के कारण लाखों युवाओं को प्रदेश में ही अवसर मिल रहे हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और प्रदेश की छवि बदली है। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होने से समाज के हर वर्ग में सुरक्षा का भाव उत्पन्न हुआ है।
उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए और शिक्षण संस्थान इस अभियान के केंद्रबिंदु बनें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।