Breaking News

ज्ञान, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की ओर एपीजेएकेटीयू का कदम

– एपीजेएकेटीयू का 23वां दीक्षांत, राज्यपाल ने बांटी उपाधियाँ

– अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को मानद उपाधि
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राज्यपाल एवं डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में मंगलवार को विश्वविद्यालय का 23वां दीक्षांत समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर कुलाधिपति ने 55,634 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान कीं। साथ ही 88 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पदक भी दिए गए, जिनमें 35 स्वर्ण, 26 रजत और 25 कांस्य पदक शामिल रहे। राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन का एक ऐसा क्षण है जो उनके भविष्य की राह तय करता है।
समारोह में अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को डॉक्टर ऑफ साइंस की मानद उपाधि दी गई। राज्यपाल ने उन्हें राष्ट्रगौरव और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का दीपक है, जो राष्ट्र को रोशन करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे अपने अर्जित ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करें। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गगनयात्री शुभांशु शुक्ला ने अपने अंतरिक्ष मिशन के अनुभव साझा करते हुए छात्रों से कहा कि धैर्य, अनुशासन और टीमवर्क ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे “निर्भीक, महत्वाकांक्षी और अजेय भारत” के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें।
समारोह में राज्यपाल ने तकनीकी शिक्षा में नवाचारों का उल्लेख करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में एआईसीटीई आइडिया लैब और प्रदेश की पहली इन्फोसिस लैब की स्थापना विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोटोटाइप में बदलने का माध्यम बनी है। मात्र तीन वर्षों में यूपी स्टार्टअप नीति के अंतर्गत 15 इनक्यूबेशन सेंटरों पर 460 से अधिक स्टार्टअप ऑनबोर्ड होना विश्वविद्यालय की नवोन्मेषी सोच का प्रमाण है। इस अवसर पर प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है। प्रदेश में भी युवाओं को स्टार्टअप और स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि एपीजे एकेटीयू के माध्यम से एआई संबंधित एक नया विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए विद्यालयों के बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राज्यपाल ने आंगनबाड़ी केंद्रों को 300 आंगनबाड़ी एवं हेल्थ किट वितरित कीं और उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। समारोह में कुलपति प्रो. जयप्रकाश पांडेय, कुलसचिव केशव सिंह, संकायाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Check Also

राज्यपाल से राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रशिक्षु अधिकारियों की शिष्टाचार भेंट

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से सोमवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES