वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। जनपद अम्बेडकर नगर से हाल ही में सामने आई घटनाओं ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। दैनिक जागरण में प्रकाशित एक समाचार के अनुसार मात्र एक माह की अवधि में जिले के विभिन्न थानों में 56 लड़कियों के अपहरण की एफआईआर दर्ज की गई है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता आराधना मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की मांग की है। उन्होंने कहा कि लड़कियों के अपहरण की घटनाएं बेहद गंभीर हैं और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कठोर कार्रवाई आवश्यक है।
सूत्रों के अनुसार अकबरपुर कोतवाली, मालीपुर, जलालपुर, अहिरौली, बसखारी और जैतपुर सहित कुल 18 थानों में दर्ज इन मामलों ने आम जनता में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। समाचार में यह भी उल्लेख किया गया है कि इन अपहृत बालिकाओं में अधिकांश अनुसूचित जाति और कमजोर तबके से ताल्लुक रखती हैं। वहीं लगभग डेढ़ दर्जन ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिनमें या तो पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की या फिर पीड़ित परिवारों ने सामाजिक लज्जा के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने से परहेज किया। इस स्थिति ने कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।