वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
जौनपुर 14 दिसंबर। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी और अम्बेडकरवादी मिलकर उत्तर प्रदेश में बदलाव लाएंगे। नौजवान, बेरोजगारी और नौकरी को लेकर डबल इंजन कोे सत्ता से बाहर करेंगे। जनता बदलाव चाहती है। जिस तरह से सबका साथ और सहयोग मिल रहा है उससे लग रहा है कि समाजवादी पार्टी 400 सीटें भी जीत जाएगी। भाजपा की सन् 2022 में ऐतिहासिक हार होगी।
श्री यादव आज यहां आयोजित जनसभाओं में एकत्र विशाल जनसमुदाय को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सुभासपा, अपना दल (कमेरा) जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के भी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पुलिस के अत्याचारों से समाज के सभी वर्गो के लोग प्रताड़ित एवं अपमानित हुए है। समाजवादी सरकार में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। सबका सम्मान होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना नहीं करा रही हैं। वह जातियों के बीच नफरत फैलाने का काम करती है। सपा सरकार तीन महीने के अंदर जातीय जनगणना कराकर सबको हक दिलाएगी। सन् 22 का चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। उन्होंने नौजवानों को रोजगार देने तथा पुलिस में भर्ती करने का भी आश्वासन दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ने किसानों, नौजवानों को अपमानित किया है। बीजेपी ने जनता से झूठे वादे किए। पिछले चुनाव में किए गए वादों को पूरा नहीं किया। आज लोगों की कमाई आधी हो गई है और महंगाई दुगनी हो गई है।
श्री यादव ने कहा कि इसी तरह से नौजवान अपने ऊपर पड़ी लाठियों को नहीं भूलेगा। भाजपा से अपमान का बदला लेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने प्रदेश का विकास रोक दिया है। समाजवादी सरकार जौनपुर में सबसे अच्छा मेडिकल कॉलेज बना रही थी, लेकिन यहां से बीजेपी सरकार ने काम रोक दिया और आज खंडहर होकर खड़ा है। श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था के मोर्चे पर भी फेल है। महिला उत्पीड़न और अपराध यूपी में सबसे ज्यादा है।