वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
कन्नौज 31 दिसंबर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में हार के डर से घबराई और बौखलाई भाजपा सरकार यूपी चुनाव लडने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को साथ लेकर आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग नफरत की दुर्गंध फैलाने वाले हैं, यह सौहार्द की सुगंध को नहीं पसंद करते हैं। यह कन्नौज और इत्र को बदनाम कर रहे हैं। भाजपा लखनऊ से लेकर दिल्ली तक कन्नौज और इत्र को बदनाम कर रही है। जनता सब समझ रही है, विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा का सफाया करेगी।
श्री यादव आज कन्नौज में पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा की रैलियों में जनता नहीं जा रही है। इसी से घबराकर भाजपा छापेमारी कर रही है। भाजपा के लोगों को इत्र नहीं पसंद है, उन्हें दुर्गंध पसंद है। ये कागज के झूठे बिना सुगंध वाले फूल हैं।
अखिलेश यादव ने कहा विधानसभा चुनाव में जहां जहां भाजपा हारने लगती है वहां केंद्रीय एजेंसियों से छापे करवाती है। यही हाल बंगाल में किया। बंगाल की जनता ने उन्हें सबक सिखाया। तमिलनाडु में छापा मरवाया तो तमिलनाडु की जनता ने भी उन्हें सबक सिखाया। अब उत्तर प्रदेश की जनता भी उन्हें सबक सिखाएगी। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों से गठबंधन किया है। भाजपा ने ईडी, सीबीआई और आईटी के साथ गठबंधन किया है। भाजपा के दिल्ली के नेता जब लखनऊ आते हैं तो अपने साथ केंद्रीय एजेंसियों को भी लेकर आते हैं। भाजपा इनको साथ लेकर चुनाव लड़ती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर में पहले जिस इत्र व्यापारी के यहां छापा मारा गया उसकी सीडीआर निकाली जाए तो पता चल जाएगा कि उसके संबंध किससे हैं। भाजपा के कार्यकर्ता से लेकर प्रधानमंत्री तक किस आधार पर उसका संबंध सपा से बता रहे थे। सच्चाई यह है कि वह भाजपा का आदमी है। सरकार बताए कि कानपुर में व्यापारी के पास इतना नोट कैसे आया? किन बैंकों से नोट निकाला गया? श्री यादव ने कहा कि भाजपा की नोटबंदी पूरी तरह से फेल हुई। ऐसी जीएसटी लाई गई कि लोग पैसा इकट्ठा करने लगे हैं। इन्हीं सबसे खिसिया कर सरकार के इशारे पर एजेंसियों ने आज समाजवादी पार्टी के एमएलसी के यहां छापा मारा है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा को चिढ़ है कि सपा के नाम पर इत्र कैसे बन गया। मैं कन्नौज के लोगों से अपील करता हूं कि सच्चे फूलों का व्यापार करने वाले लोग झूठे फूलों को हटाए। कन्नौज सुगंध की राजधानी है। भाजपाई दुर्गंध को पसंद करते हैं। यहां का किसान और व्यापारी इत्र से जुड़ा हुआ है।