Breaking News

हर निवाले में सेवा, हर चेहरे पर मुस्कान: श्रावण में बृज की रसोई ने बांटा निःशुल्क भोजन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना के साथ मानव सेवा का संदेश देते हुए इंडियन हेल्पलाइन सोसाइटी द्वारा संचालित बृज की रसोई की ओर से रविवार को आशियाना क्षेत्र में निःशुल्क भोजन सेवा का आयोजन किया गया। प्रेरणास्रोत पूज्य बाबा नीम करौली महाराज की कृपा से निर्धन, निराश्रित, असहाय और जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। स्वयंसेवकों ने विभिन्न चिन्हित स्थानों पर पहुंचकर जरूरतमंदों तक भोजन वितरित किया।
संस्था से जुड़े सी.एच. तिवारी ने कहा कि भोजन केवल पेट भरने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवीय गरिमा, समानता और सामाजिक संवेदना से जुड़ा विषय है। जालिम सिंह ने कहा कि संविधान की भावना में निहित मानवीय गरिमा और सामाजिक समरसता को व्यवहार में उतारते हुए बृज की रसोई का प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई जरूरतमंद भूखा न रहे। बलवंत सिंह ने कहा कि भोजन के बाद किसी भूखे चेहरे पर दिखाई देने वाली संतुष्टि और मुस्कान ही सेवा अभियान की वास्तविक उपलब्धि है।
संस्था के संस्थापक विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और लोककल्याण की भावना का पावन अवसर है। सेवा का उद्देश्य जरूरतमंद को भोजन के साथ सम्मान, अपनत्व और विश्वास का एहसास कराना है। उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से ऐसी मानवीय सेवा में सहयोग और सहभागिता बढ़ाने की अपील की। अनुराग दुबे, दीपक भुटियानी, विकास पाण्डेय, रोहित साहू और अखिलेश सिंह ने बताया कि स्वयंसेवकों और समाज के सहयोग से प्रत्येक रविवार सेवा अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान में उमाशंकर यादव, मुकेश कनौजिया, रामचंद्र यादव, गोविन्द सिंह सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय योगदान दिया।

Check Also

फर्जी आइडी, असलहा और अपहरण से कारोबारी से 13 लाख व जेवर ऐंठे, छह गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। कृष्णानगर में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर कारोबारी का अपहरण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES