Breaking News

बेसमेंट में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, नौ पिस्टल और भारी मात्रा में उपकरण बरामद

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
मेरठ। मेरठ पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। थाना लिसाड़ी गेट पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चार तैयार पिस्टल, पांच अर्धनिर्मित पिस्टल, मैगजीन तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हुमायूं नगर क्षेत्र में एक मकान के बेसमेंट में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना लिसाड़ी गेट पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जामिया चौक निवासी वसीम, हुमायूं नगर निवासी आफताब और चमड़ा पैठ निवासी नदीम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से पिस्टल तैयार कर विभिन्न स्थानों पर उनकी आपूर्ति करते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस को हथियार बनाने का पूरा सेटअप भी मौके से मिला। बरामदगी में चार .32 बोर की तैयार पिस्टल, पांच अर्धनिर्मित पिस्टल, दो तैयार और तीन अर्धनिर्मित मैगजीन के अलावा पिस्टलों के कलपुर्जे, ड्रिल मशीन, प्लेट कटर, वेल्डिंग सामग्री, हथौड़ी, प्लास, रेती, आरी तथा अन्य उपकरण शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सफेद रंग की सुजुकी एक्सेस स्कूटी भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल आने-जाने और अवैध गतिविधियों में किया जाता था।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना लिसाड़ी गेट में मुकदमा संख्या 462/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी वसीम के खिलाफ पहले से आपराधिक मुकदमा दर्ज है, जबकि आफताब पर दहेज उत्पीड़न समेत अन्य मामलों में भी केस दर्ज हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार किए गए हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

Check Also

सेवा सेतु अभियान में सुनी गईं लोगों की समस्याएं, सरकारी योजनाओं का मिला लाभ

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार कुशीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *