Breaking News

नोएडा से सपा का चुनावी बिगुल, 29 मार्च को अखिलेश यादव की विशाल रैली

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
नोएडा / लखनऊ। समाजवादी पार्टी आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान का आगाज पश्चिमी उत्तर प्रदेश से करने जा रही है। 29 मार्च को नोएडा के दादरी में आयोजित होने वाली विशाल जनसभा में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव शिरकत करेंगे। इस रैली को पार्टी के चुनावी बिगुल के रूप में देखा जा रहा है और इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
पार्टी की रणनीति के तहत नोएडा की इस रैली के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 142 विधानसभा सीटों को साधने का प्रयास किया जा रहा है। रैली को सफल बनाने के लिए गुर्जर समाज के नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है। राजकुमार भाटी के नेतृत्व में पिछले कई महीनों से तैयारियां जारी हैं और कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है। रैली की तैयारी को लेकर मेरठ में आयोजित बैठक में राजकुमार भाटी ने कार्यकर्ताओं से अधिकतम संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 350 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्तमान नीतियों से परेशान है और बदलाव चाहती है।
भाटी ने कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला कल्याण और किसानों के हित में कई योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों का विस्तार किया जाएगा, महिलाओं को पेंशन दी जाएगी और छात्रों को लैपटॉप व बेटियों को कन्या विद्या धन जैसी योजनाएं फिर से शुरू की जाएंगी। पार्टी नेताओं के अनुसार संगठन में उत्साह का माहौल है और कार्यकर्ता पूरे अनुशासन के साथ चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। स्थानीय स्तर पर लगातार बैठकें कर रणनीति बनाई जा रही है, ताकि 29 मार्च की रैली को ऐतिहासिक बनाया जा सके।

Check Also

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संकल्प, सीबीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

– क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *