वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
सिंगापुर/लखनऊरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के पहले दिन प्रदेश को बड़ा निवेश प्रस्ताव मिला है। सिंगापुर की वैश्विक निवेश कंपनी Golden State Capital (जीएससी) ग्रीन्स ने प्रदेश में 100 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए ₹8 हजार करोड़ निवेश की घोषणा की है। कंपनी के निदेशक सुमित नंदा के साथ हुई बैठक में हरित और सतत निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में रूफटॉप सोलर परियोजनाओं, बैटरी स्टोरेज, ग्रिड सपोर्ट सॉल्यूशंस, ईवी चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर और स्वच्छ ऊर्जा आधारित ग्रीन इंडस्ट्रियल पार्कों के विकास पर मंथन किया गया। क्लाइमेट फाइनेंस, कार्बन उत्सर्जन में कमी और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में कौशल विकास कार्यक्रमों पर भी सहमति बनी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश पर्यावरणीय रूप से टिकाऊ और व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य विकास मॉडल को बढ़ावा दे रहा है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री Institute of Technical Education कॉलेज सेंट्रल में तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े एमओयू के साक्षी भी बने। एविएशन, डेटा सेंटर संचालन और मेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित करने पर जोर दिया गया, जिससे जेवर एयरपोर्ट और उभरते औद्योगिक इकोसिस्टम के लिए इंडस्ट्री-रेडी मैनपावर तैयार हो सके।
सिंगापुर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नए उत्तर प्रदेश का विजन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है और कानून-व्यवस्था व औद्योगिक माहौल में व्यापक सुधार आया है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को निवेश, पर्यटन और औद्योगिक साझेदारी के लिए उत्तर प्रदेश आने का आमंत्रण दिया और कहा कि आने वाला समय प्रदेश के लिए और अधिक संभावनाओं से भरा है।