Breaking News

लखपति दीदी अभियान को जन-आंदोलन बनाने के निर्देश, महिलाओं की आर्थिक उन्नति से होगा प्रदेश का समग्र विकास: केशव मौर्य

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि महिलाओं की आर्थिक प्रगति से ही प्रदेश का समग्र, समावेशी और सतत विकास संभव है। उन्होंने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लखपति दीदी अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए, ताकि ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को स्थायी आजीविका, नियमित आय और सामाजिक सम्मान प्राप्त हो सके।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के अंतर्गत विभागीय समन्वय को प्राथमिकता दी जाए और सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें। महिलाओं को प्रशिक्षण, कौशल विकास, वित्तीय साक्षरता, विपणन सुविधा, बैंक ऋण, बीमा, डिजिटल भुगतान और उद्यमिता विकास से जोड़ा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल स्वयं सहायता समूहों से जोड़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कृषि आधारित उद्यम, पशुपालन, डेयरी, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, कुटीर और सूक्ष्म उद्योग तथा सेवा क्षेत्र से जोड़कर आय के स्थायी स्रोत विकसित किए जाएं।

श्री मौर्य ने कहा कि अभियान में डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत किया जाएगा और सभी गतिविधियों की निगरानी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से होगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो और वास्तविक लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली और डिजिटल लेन-देन से जोड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अभियान की सफलता के लिए निरंतर मूल्यांकन व्यवस्था लागू की जाएगी और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय होगी। लक्ष्य पूर्ति में शिथिलता बरतने वालों पर कार्रवाई होगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। यह अभियान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगा और गरीबी उन्मूलन की दिशा में नई गति देगा।

Check Also

मिशन शक्ति: महिला सुरक्षा से आत्मनिर्भरता तक 15 गतिविधियों पर जोर, 1.18 लाख बालिकाएं वित्तीय साक्षरता से जुड़ीं

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *