– छाता की चीनी मिल बंद पड़ी है, जो हर हाल में चलनी चाहिए – जयंत
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
कोसी (मथुरा)। मथुरा की पावन-पौराणिक भूमि पर राष्ट्रीय अधिवेशन 2025 का सफल आयोजन हुआ। अधिवेशन में राष्ट्रीय लोकदल के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने संदेश और दिशा-निर्देश दिया।
चौधरी जयंत सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद मथुरा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मथुरा के लोगों ने मुझे पहली बार सांसद चुनकर भेजा। रालोद परिवार के सभी सदस्यों, कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनमानस के प्रति पार्टी अपना हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा आपका प्यार मैं कभी भुला नहीं सकता। “आज मुझे तीन साल के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। हम एनडीए के साथ मजबूती से खड़े हैं। प्रधानमंत्री ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है।
जयंत सिंह ने कहा कि यह अधिवेशन कई दृष्टियों से महत्वपूर्ण रहा। महिलाओं को शीघ्र आरक्षण का लाभ मिलेगा। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री, किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती देशभर में धूमधाम से मनाई जाएगी और इस अवसर पर सवा करोड़ वृक्ष लगाने का अभियान चलाया जाएगा। जहाँ किसानों को केंद्र में रखते हुए आर्थिक प्रस्ताव पारित किया गया, युवाओं और महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सामाजिक प्रस्ताव पर सहमति बनी, तथा वैश्विक राजनीति में भारत की बढ़ती भूमिका को समझते हुए राजनीतिक प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। रालोद समाज के हर वर्ग, विशेषकर वंचितजन, किसान और मजदूर की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।