वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में छह दिवसीय जनजातीय भागीदारी उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने 22 राज्यों से आए लगभग 600 जनजातीय कलाकारों का अभिनंदन करते हुए कहा कि 1 से 15 नवंबर तक मनाया जा रहा जनजातीय गौरव पखवाड़ा जनजातीय समुदाय की संस्कृति, परंपरा और कला को सम्मान देने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही देश और समाज के लिए अपना बलिदान दिया। उन्होंने बताया कि इस उत्सव में लगी प्रदर्शनी और विभिन्न राज्यों के स्टॉल जनजातीय समाज की जीवनशैली, कला और संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर रहे हैं।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सभी राज्यों के कलाकारों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार जनजातीय समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। बलरामपुर के इमिलिया कोडर में थारू जनजाति संग्रहालय इसका उदाहरण है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को मुख्यमंत्री स्वयं सोनभद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि यह आयोजन भारत की सामासिक संस्कृति का प्रत्यक्ष रूप है, जहां जनजातीय समाज की लोक परंपराएं, कला और खानपान एक मंच पर दिख रहे हैं। उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों के स्टॉलों का अवलोकन भी किया।