Breaking News

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत, सुरक्षित भारत’ की पृष्ठभूमि में सरदार पटेल की सोच, प्रयास व उनका परिश्रम है: मुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्य तिथि पर आज यहां जी0पी0ओ0 स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर प्रदेशवासियों की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वर्तमान भारत के शिल्पी सरदार वल्लभ भाई पटेल का व्यक्तित्व और कृतित्व सभी के लिए प्रेरणादायी है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत, सुरक्षित भारत’ की पृष्ठभूमि में सरदार पटेल की सोच, प्रयास व उनका परिश्रम है। भारत की आंतरिक सुरक्षा और भारत की अखण्डता के उनके प्रयासों को हम सभी श्रद्धाभाव से स्मरण करते हैं। सरदार वल्लभ भाई पटेल संविधान सभा के प्रमुख सदस्य थे। स्वतंत्र भारत के पहले गृह मंत्री के रूप में उन्होंने न केवल देश के एकीकरण के वर्तमान अभियान को नई ऊंचाईयां प्रदान की, बल्कि 563 से अधिक रियासतों को भारत गणराज्य का हिस्सा बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के आन्दोलन में सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर देश की आजादी के आन्दोलन को एक नई दिशा देने के लिए उस समय के नेतृत्व के साथ मिलकर भाग लिया था। वह गुजरात के एक छोटे से गांव में सामान्य किसान परिवार में पैदा हुए थे। उनकी प्रारम्भिक शिक्षा अपनी माँ के सान्निध्य में घर पर सम्पन्न हुई। इंग्लैंड से लॉ की उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उपरान्त, जब वह भारत आए, तो देश में आजादी का आन्दोलन उस समय चरम पर था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत माता के महान सपूत सरदार वल्लभ भाई पटेल 15 दिसम्बर, 1950 को भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं रहे। पूरा देश स्तब्ध था। उनके नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयों को छूता, लेकिन सरदार वल्लभ भाई पटेल के न रहने के बाद आज उनकी संकल्पनाओं को मूर्त रूप देने के लिए, जो अभियान देश में चल रहा है, यह अवश्य प्रधानमंत्री जी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करेगा।
इस अवसर पर समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व होली उत्सव पर आईएमए में जुटे चिकित्सक, महिला डॉक्टरों को मिला सम्मान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) लखनऊ और लखनऊ ऑब्स्टेट्रिक्स …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES