वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
चंदौली। चंदौली में पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने बुधवार तड़के एनएच-19 पर नवही पुलिया के पास एक किआ कैरेंस कार से 3.92 करोड़ रुपये कीमत का सोना बरामद किया। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए सोने के 22 बिस्किट गियर बाक्स के नीचे बनाए गए विशेष सीक्रेट बॉक्स में छिपा रखे थे। पुलिस ने कार सवार महाराष्ट्र और हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद सोने का वजन 2.565 किलो से अधिक है।
पुलिस के अनुसार स्वाट/एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की किआ कैरेंस कार संख्या एचआर22डब्ल्यू2830 से दो लोग बिहार की ओर से सोना लेकर दिल्ली जा रहे हैं। सूचना पर चंदौली कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया तो चालक ने वाहन को किनारे से निकालकर भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर कार रोक ली।
पूछताछ में कार सवार जुबेर मुबारक शेख निवासी अहिल्या नगर, थाना शांगली, जिला शांगली, महाराष्ट्र और मनीष कुमार निवासी लाजपत नगर, जिला फतेहाबाद, हरियाणा ने गियर बाक्स के नीचे विशेष बॉक्स बनाए जाने की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर बॉक्स खोलकर तलाशी ली गई तो कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लिपटी दो सिल्लियां मिलीं। इनमें सोने के 22 बिस्किट थे। दोनों आरोपी सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
सूचना पर आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग के अधिकारी मूल्यांकनकर्ता के साथ मौके पर पहुंचे। वजन कराने पर सोना 2 किलो 565.720 ग्राम निकला। मूल्यांकनकर्ता ने इसकी अनुमानित कीमत 3.92 करोड़ रुपये बताई। आयकर विभाग की प्रारंभिक जांच में सोना विदेश निर्मित बताया गया है। बरामद सोना नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग को सौंप दिया गया है। आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।