Breaking News

IPS आशुतोष मिश्रा की मां की संदिग्ध मौत, जेवर गायब मिलने से हत्या की आशंका

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरूआ गांव में रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस अधीक्षक मुख्यालय के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय मां इंद्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। घर के अंदर शव मिलने के बाद जांच में उनके शरीर से सोने के जेवर गायब पाए गए। मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई है। इन परिस्थितियों के बाद परिजनों ने हत्या कर जेवर लूटे जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि घटना की जानकारी मिलने पर आशुतोष मिश्रा लखनऊ से अपने पैतृक घर पहुंचे। शुरुआत में स्वजन को महिला की मौत हार्ट अटैक से होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन शव की स्थिति और जेवर गायब मिलने पर मामला संदिग्ध नजर आया। मृतका के गले से सोने की चेन, सोने के दानों वाली तुलसी की माला, नाक की कील और कान के टॉप्स गायब मिले। पैरों में पहनी जाने वाली पायल भी नहीं थी। मुंह से खून निकलने और जेवर गायब होने की जानकारी के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अकबरपुर स्थित मोर्चरी भेजा गया है। पुलिस घर में आने-जाने वाले लोगों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
परिजनों की ओर से लूट और हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बुजुर्ग महिला की मौत स्वाभाविक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना थी। घटना के बाद पुलिस घर में मौजूद सामान, गायब जेवर और महिला की मौत की परिस्थितियों को जोड़कर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर पूरे मामले की दिशा टिकी हुई है।

Check Also

राम मंदिर चंदे की कथित चोरी का पैसा भाजपा चुनाव में खर्च करेगी: शिवपाल सिंह यादव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार देवरिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES