Breaking News

नेपाल पहुंचे सेना प्रमुख धीरज सेठ, सैन्य रिश्तों को नई मजबूती देने पर जोर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
नई दिल्ली। भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 17 से 19 अगस्त तक नेपाल की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यात्रा का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच रक्षा सहयोग तथा सैन्य संबंधों को और मजबूत करना है। दौरे के दौरान जनरल सेठ नेपाली सेना के शीर्ष अधिकारियों और वरिष्ठ गणमान्य लोगों से मुलाकात कर द्विपक्षीय हितों तथा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
यात्रा के पहले दिन 17 अगस्त को काठमांडू पहुंचने पर जनरल धीरज सेठ टुंडीखेल स्थित आर्मी पवेलियन में पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद नेपाली सेना मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। वह नेपाली सेना के प्रमुख से मुलाकात कर आपसी हितों और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। नेपाली सेना के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) उन्हें सामरिक मुद्दों पर विशेष जानकारी भी देंगे।
दौरे का प्रमुख आकर्षण नेपाल के राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाला विशेष समारोह होगा। भारत और नेपाल के सेना प्रमुखों को एक-दूसरे के देश में मानद सैन्य रैंक देने की पुरानी परंपरा के तहत राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल जनरल धीरज सेठ को ‘नेपाली सेना के जनरल’ की मानद रैंक से सम्मानित करेंगे। इसे दोनों देशों की सेनाओं के बीच गहरे विश्वास और मैत्री का प्रतीक माना जाता है।
18 अगस्त को जनरल सेठ शिवपुरी स्थित आर्मी कमांड एंड स्टाफ कोर्स के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करेंगे। वह प्रशिक्षकों और विभिन्न देशों से आए छात्र अधिकारियों से भी संवाद करेंगे। इसके अलावा नेपाल के वरिष्ठ गणमान्य लोगों से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों और साझा हितों पर चर्चा करेंगे। यात्रा के अंतिम दिन 19 अगस्त को वह पोखरा जाएंगे, जहां भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों के लिए आयोजित रैली में शामिल होंगे। इस दौरान वीर नारियों और वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करने के साथ पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से संवाद करेंगे। भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को देखते हुए इस यात्रा को दोनों देशों के सैन्य सहयोग को और गहरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Check Also

सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी को बड़ी सफलता, ₹8 हजार करोड़ से 100 मेगावाट डेटा सेंटर लगाएगी Golden State Capital

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार सिंगापुर/लखनऊरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES