वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को ईवीएम के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए देश में दोबारा बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की। लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने 2024 के नगीना लोकसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की जीत को लेकर भी आरोप लगाए। मायावती ने दावा किया कि भाजपा ने ईवीएम में कथित गड़बड़ी कर चंद्रशेखर आजाद को चुनाव जिताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चंद्रशेखर आजाद युवाओं को धरना-प्रदर्शन के जरिये गुमराह कर रहे हैं।
मायावती ने कहा कि बसपा शुरू से ईवीएम से मतदान का विरोध करती रही है। उन्होंने चुनाव में मतदाताओं का भरोसा बनाए रखने के लिए ईवीएम का इस्तेमाल बंद कर मतपत्र के माध्यम से मतदान कराने की मांग दोहराई। उन्होंने वीवीपैट पर्चियों की गिनती और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े सवाल भी उठाए।
बताते चलें की 2024 के नगीना लोकसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार को करीब 1.51 लाख वोटों के अंतर से हराया था। मायावती के आरोपों पर चंद्रशेखर आजाद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नगीना की जनता ने 2024 में उन्हें 5,12,552 वोट देकर अपना प्रतिनिधि चुना था। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाना सभी का अधिकार है और वह भी अधिकतम पारदर्शिता तथा मतपत्र से चुनाव की मांग करते रहे हैं। उन्होंने मायावती के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि चुनावी जीत को किसी साजिश से जोड़ने से मतदाताओं की भावना आहत होती है।