वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। लगातार हो रही बारिश से प्रभावित बिजली आपूर्ति को सामान्य करने के लिए प्रदेश सरकार ने राहत और बहाली कार्य तेज कर दिए हैं। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपी पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों को युद्धस्तर पर काम कर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 1912 पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का फीडरवार निस्तारण सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को आपूर्ति बहाल होने का संभावित समय बताने को कहा है।
बारिश और पेड़ गिरने से 33 और 11 केवी फीडरों में ब्रेकडाउन के साथ कई स्थानों पर बिजली के पोल भी टूटे हैं। क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत और पोल बदलने का काम दिन-रात चल रहा है। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में भी टीमें लगाई गई हैं। अस्पताल, पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाओं की बिजली आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति लगभग सामान्य हो गई है। मध्यांचल में बरेली मंडल और पूर्वांचल में बस्ती-संतकबीरनगर के कुछ क्षेत्रों में काम जारी है। पश्चिमांचल के अमरोहा, बिजनौर, संभल और मुरादाबाद तथा दक्षिणांचल के कुछ जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बहाली का काम चल रहा है।
अधिक प्रभावित जिलों में अंबेडकरनगर, भदोही, आजमगढ़, बलिया, बहराइच, बस्ती, बरेली, गोंडा, देवरिया, लखीमपुर, मऊ, सिद्धार्थनगर, कानपुर देहात, हमीरपुर, शाहजहांपुर, आगरा, फिरोजाबाद, बुलंदशहर, गोरखपुर और वाराणसी ग्रामीण शामिल हैं। शक्तिभवन और सभी डिस्कॉम के कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय हैं। अधिकारियों को पर्याप्त मैनपावर और सामग्री उपलब्ध रखने तथा एक भी फीडर की शिकायत लंबित न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।