वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
कुशीनगर। कुशीनगर में सोमवार देर रात नारायणी नदी ने कई गांवों में चिंता बढ़ा दी। एपी तटबंध के ततवा टोला के पास बांध टूटने से आसपास के इलाकों में पानी फैलने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देर रात सक्रिय हो गए और अधिकारियों से पल-पल की स्थिति की जानकारी लेते रहे। मुख्यमंत्री ने प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के मंडलायुक्त, एडीजी और कुशीनगर के जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों से फोन पर हालात की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरतने तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान की कमान संभाल ली।
आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमों के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी सक्रिय किया गया। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की। रात में ही प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई। तटबंध टूटने के बाद आसपास के गांवों में पानी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क किया गया। प्रशासन की टीमें संभावित प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी रहीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाया जाए और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक मदद तत्काल पहुंचाई जाए।