Breaking News

लखनऊ से गोवा की सीधी उड़ान बंद, यात्रियों की कमी बनी वजह; सितंबर में बहाली की उम्मीद

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गोवा के लिए संचालित इंडिगो की सीधी उड़ान फिलहाल बंद कर दी गई है। यात्रियों की संख्या कम होने के कारण एयरलाइन ने यह फैसला लिया है। हालांकि एयरलाइन से जुड़े सूत्रों के अनुसार सितंबर में इस सेवा के दोबारा शुरू होने की संभावना है। ठंड और नए साल के दौरान गोवा जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से उड़ान को फिर बहाल किया जा सकता है।
लखनऊ से गोवा जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-399 अमौसी एयरपोर्ट से दोपहर करीब 3:15 बजे रवाना होकर शाम 5:34 बजे गोवा पहुंचती थी। वापसी में उड़ान संख्या 6ई-6811 गोवा से शाम 6:04 बजे चलकर रात 8:21 बजे लखनऊ पहुंचती थी। सीधी उड़ान से यात्रियों को करीब दो घंटे में गोवा पहुंचने की सुविधा मिल रही थी।
इस सेवा के बंद होने के बाद यात्रियों को अब कनेक्टिंग फ्लाइट का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे यात्रा का समय बढ़ने के साथ किराया भी अधिक हो गया है। पहले लखनऊ-गोवा सीधी उड़ान का टिकट करीब सात से आठ हजार रुपये में मिल जाता था, जबकि अब कनेक्टिंग उड़ानों के लिए यात्रियों को करीब 12 से 15 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
लखनऊ एयरपोर्ट से सीधी उड़ानों की संख्या में लगातार कमी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। इससे पहले पहलगाम में आतंकी हमले के बाद लखनऊ से श्रीनगर की सीधी उड़ान भी बंद हो चुकी है। श्रीनगर के लिए यात्रियों को अब दिल्ली के रास्ते जाना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं।
एयरलाइन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि मौजूदा समय में गोवा रूट पर यात्रियों की संख्या इतनी नहीं थी कि संचालन का खर्च निकल सके। हालांकि सितंबर के बाद मांग बढ़ने की उम्मीद है। विशेषकर सर्दियों और नए साल के दौरान गोवा के लिए लखनऊ से अच्छा यात्री ट्रैफिक मिलता है। एयरलाइन प्रशासन ने सेवा बहाली पर फिलहाल आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी है।

Check Also

फर्जी आइडी, असलहा और अपहरण से कारोबारी से 13 लाख व जेवर ऐंठे, छह गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। कृष्णानगर में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर कारोबारी का अपहरण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES