Breaking News

आगामी विधानसभा सत्र: 5 किमी दायरे में हाई अलर्ट, विधानभवन के आसपास कड़े सुरक्षा इंतजाम

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। आगामी विधानसभा सत्र को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से सुदृढ़ कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित धरना-प्रदर्शनों के मद्देनजर लखनऊ कमिश्नरेट ने विधानभवन के आसपास लगभग पांच किलोमीटर क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखते हुए 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए हैं। प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों और महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करते हुए विधानभवन की परिधि में ट्रैक्टर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, घोड़ागाड़ी, बैलगाड़ी, भैंसागाड़ी समेत सभी स्लो मूविंग वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इसके अलावा आग्नेयास्त्र, ज्वलनशील पदार्थ, गैस सिलेंडर, घातक सामग्री और अन्य हथियार लेकर आने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। लालबत्ती चौराहा, बंदरियाबाग, पार्क रोड, सिविल अस्पताल, अटल चौक, मेफेयर, नावेल्टी, बर्लिंग्टन, सदर कैण्ट पुल और उदयगंज समेत पूरे सुरक्षा घेरे में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का धरना-प्रदर्शन या गतिविधि प्रतिबंधित रहेगी।
राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, विधानभवन और सरकारी कार्यालयों के आसपास घोषित नो-फ्लाइंग जोन में ड्रोन से शूटिंग और फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। अन्य स्थानों पर भी पुलिस आयुक्त या संयुक्त पुलिस आयुक्त की पूर्व अनुमति के बिना ड्रोन संचालन की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईको गार्डन के अलावा किसी अन्य स्थान पर बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूर्व अनुमति के बिना पांच या उससे अधिक लोगों के जुलूस अथवा सार्वजनिक समूह पर भी रोक रहेगी। विधानसभा सत्र के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और अफवाह, भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विधानसभा सत्र के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की गहन एवं निरंतर मॉनीटरिंग की जाएगी। भ्रामक सूचना, अफवाह, आपत्तिजनक/भड़काऊ पोस्ट अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। समस्त उच्चाधिकारीगण द्वारा भ्रमण के उपरान्त विधानसभा सत्र के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

Check Also

गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने के लिए देशव्यापी अभियान तेज, शंकराचार्य ने घोषित की व्यापक कार्ययोजना

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। 81 दिवसीय गौ रक्षार्थ धर्मयुद्ध गविष्ठी यात्रा के ऐतिहासिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES