वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
मुंबई/लखनऊ। आगरा की ऐतिहासिक कोठी मीना बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज का भव्य स्मारक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं आगरा दक्षिण से विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने शनिवार को मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से शिष्टाचार भेंट कर स्मारक निर्माण में महाराष्ट्र सरकार की सहभागिता का आग्रह किया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस ऐतिहासिक परियोजना में उत्तर प्रदेश सरकार के साथ पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
योगेन्द्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को बताया कि इतिहासकार प्रो. सुगम आनन्द तथा स्वर्गीय डॉ. अमि आधार निडर के शोध के अनुसार मुगल सम्राट औरंगजेब ने छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके पुत्र को जिस कोठी में नजरबंद रखा था, वह वर्तमान में कोठी मीना बाजार के नाम से जानी जाती है। इसी ऐतिहासिक स्थल से शिवाजी महाराज ने अपनी अद्भुत रणनीति और साहस का परिचय देते हुए मुगल पहरे को धता बताकर ऐतिहासिक प्रस्थान किया था।
उन्होंने बताया कि इस स्थल पर स्मारक निर्माण के लिए योगी सरकार कोठी के अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंचा चुकी है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने सुझाव दिया कि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकार मिलकर ऐसा स्मारक विकसित करें, जो राष्ट्रीय एकता, भारतीय शौर्य और गौरव का प्रतीक बने तथा आगरा आने वाले पर्यटकों के लिए ताजमहल के साथ एक प्रमुख आकर्षण भी बने।
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने इस पहल की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। बैठक के दौरान महाराष्ट्र के नेता सुनील कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले योगेन्द्र उपाध्याय ने महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार से भी इस विषय पर विस्तृत चर्चा की थी।