Breaking News

आगरा को मिलेगी नई आध्यात्मिक पहचान, बल्केश्वर पार्क बनेगा ‘शिव लोक थीम पार्क’

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
आगरा। उत्तर प्रदेश में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को नई गति देने की दिशा में योगी सरकार ने आगरा को एक बड़ी सौगात दी है। उज्जैन के प्रसिद्ध ‘महाकाल लोक’ की तर्ज पर अब आगरा के ऐतिहासिक बल्केश्वर पार्क को ‘शिव लोक थीम पार्क’ के रूप में विकसित किया जाएगा। 8.81 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जुलाई 2026 को किया था। इसके बाद आगरा नगर निगम ने 15वें वित्त आयोग के फंड से पार्क के विकास का विस्तृत लेआउट और कार्ययोजना तैयार कर तेजी से कार्य शुरू कर दिया है।
यमुना नदी के तट पर स्थित प्राचीन बल्केश्वर महादेव मंदिर के निकट लगभग 16,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह थीम पार्क आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम होगा। पार्क के केंद्र में भगवान शिव की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जबकि परिसर में भगवान शिव के 19 अवतारों का आकर्षक और सजीव चित्रण किया जाएगा। श्रद्धालुओं को शिव पुराण पर आधारित विभिन्न प्रसंगों का दर्शन भी कराया जाएगा, जिससे यह स्थल धार्मिक शिक्षा और आध्यात्मिक अनुभव का प्रमुख केंद्र बनेगा।
पार्क के प्रवेश द्वार पर भव्य नंदी द्वार का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा रंग-बिरंगे फव्वारे, शिव स्तुति पर आधारित साउंड एंड लाइट शो, सुंदर हरित क्षेत्र, आकर्षक लैंडस्केपिंग और आधुनिक सुविधाएं इसे विशेष पहचान देंगी। परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आध्यात्मिक वातावरण के साथ आधुनिक पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 8.81 करोड़ रुपये की लागत से पुराने बल्केश्वर पार्क का पूर्ण कायाकल्प किया जाएगा। इसे अत्याधुनिक, सुंदर और शांतिपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं स्थानीय पार्षद मुरारी लाल अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से मिली यह सौगात बल्केश्वर क्षेत्र ही नहीं, पूरे ब्रज क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देगी। उन्होंने कहा कि शिव लोक थीम पार्क बनने से श्रद्धालुओं को विश्राम और आध्यात्मिक अनुभव का बेहतर वातावरण मिलेगा तथा आगरा आने वाले पर्यटकों के लिए ताजमहल के साथ एक नया धार्मिक आकर्षण भी जुड़ जाएगा।

Check Also

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर मुख्यमंत्री का स्वदेशी पर जोर, बुनकरों को सम्मान और योजनाओं का लाभ

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह-2026 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES