वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी छात्र सभा ने प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-नौजवान पीडीए जागरूकता अभियान के तहत सदस्यता अभियान शुरू किया। 15 सितंबर 2026 से शुरू हुए अभियान में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बड़ी संख्या में छात्र-नौजवानों ने समाजवादी छात्र सभा की सदस्यता ग्रहण की।
समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष इं. विनीत कुशवाहा ने लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों को सदस्य बनाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने छात्र-नौजवानों से संगठन से जुड़ने और पीडीए जागरूकता अभियान को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सदस्यता ग्रहण करने वाले छात्रों ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान छात्रों को शिक्षा और छात्र हितों से जुड़ी कई सुविधाएं मिलती थीं। छात्रों के मुताबिक भाजपा सरकार बनने के बाद उन्हें फीस वृद्धि, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि इन मुद्दों को लेकर छात्र-नौजवानों में असंतोष है।
छात्र सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि सदस्यता अभियान का उद्देश्य छात्र-नौजवानों को संगठन से जोड़ना और उनके बीच सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार तथा छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-नौजवानों से संपर्क किया जाएगा।
सदस्यता अभियान में शामिल छात्रों ने कहा कि प्रदेश में रोजगार और शिक्षा से जुड़े सवालों को लेकर छात्र लगातार अपनी आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में बदलाव की मांग उठ रही है।