– मानवता का संदेश बाँटती बृज की रसोई : जरूरतमंदों के चेहरों पर खिला सुकून का सवेरा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। “जहाँ सेवा होती है, वहीं सच्ची पूजा होती है, इसी भावना को साकार करते हुए इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) द्वारा संचालित ‘बृज की रसोई’ के अंतर्गत आशियाना क्षेत्र के चिन्हित स्थलों पर निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सेवा अभियान में लगभग 1450 जरूरतमंदों को पौष्टिक व स्वच्छ भोजन परोसा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा नीम करौली जी को भोग एवं पुष्प अर्पित कर ‘श्री गणेशाय नमः’ के उद्घोष के साथ किया गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने जरूरतमंदों, बच्चों और वृद्धजनों को सादगी, स्नेह और करुणा से भरपूर भोजन परोसा।
संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा, “किसी भूखे को अन्न देना केवल सेवा नहीं, बल्कि मानवता की सबसे सुंदर आराधना है। हमारा उद्देश्य किसी धार्मिक या भौतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि निःस्वार्थ भावना से प्राणी मात्र सेवा करना है।”
कार्यक्रम संयोजक दीपक भुटियानी ने बताया कि यह पहल करुणा और कर्तव्य का संगम है, जहाँ हर थाली में संवेदना और हर मुस्कान में संतोष झलकता है। वहीं आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि बड़ों का आशीर्वाद और बच्चों की मुस्कुराहट ही सेवा का सबसे बड़ा पुरस्कार है।
देवांश रस्तोगी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी क्षमता अनुसार सहयोग करें, क्योंकि “मानवता का सम्मान और छोटी सी मदद किसी का जीवन बदल सकती है।” उन्होंने बताया कि इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी को दिए गए दान पर आयकर अधिनियम की धारा 80जी के तहत कर छूट प्राप्त है। सेवा यात्रा साईं मंदिर आशियाना से शुरू होकर सेक्टर–एम रिक्शा कॉलोनी, रतनखंड पार्क, अंबेडकर विश्वविद्यालय के निकट झुग्गी-झोपड़ियाँ, निर्माण स्थलों और नगर निगम जोन-8 की मलिन बस्तियों तक पहुँची। कार्यक्रम में संजय श्रीवास्तव, हीरा सिंह, दिनेश पाण्डेय, नवल सिंह सहित अनेक समाजसेवियों ने सक्रिय योगदान दिया। आयोजन का समापन सामूहिक प्रार्थना और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के उद्घोष के साथ हुआ।