Breaking News

सदन की गरिमा और सुचारू संचालन के लिए सभी दलों का सहयोग जरूरी : सतीश महाना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण, गरिमापूर्ण और सुचारू ढंग से संचालित कराने में सहयोग की अपील की है। रविवार को विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतांत्रिक विमर्श का सर्वोच्च मंच है और सभी दलों की सकारात्मक भागीदारी से ही जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा संभव हो सकेगी।
महाना ने कहा कि सदन में प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए आवश्यक है कि सभी सदस्य विधानसभा के नियमों का पालन करते हुए संयमित, मर्यादित और गरिमापूर्ण भाषा का प्रयोग करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सत्ता पक्ष और विपक्ष पहले की तरह इस बार भी सहयोग की भावना से कार्य करेंगे और सदन की कार्यवाही सकारात्मक वातावरण में संपन्न होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में सभी दलों के सहयोग से सदन की कार्यवाही सफलतापूर्वक संचालित होती रही है। स्वस्थ संसदीय परंपराओं के निर्वहन में पक्ष और विपक्ष की समान भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चार दिवसीय सत्र के दौरान सभी सदस्य जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा करेंगे और सदन की गरिमा बनाए रखेंगे। इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधायी और वित्तीय कार्य संपन्न किए जाएंगे। साथ ही पहली बार सदन में ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन भी होगा।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सदन का सफल संचालन सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने सभी दलों द्वारा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन का आश्वासन देने को लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए सकारात्मक बताया। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने भाग लिया और सदन के सुचारू संचालन में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। बैठक से पहले कार्यमंत्रणा समिति ने चार दिवसीय सत्र की कार्ययोजना और विधायी कार्यक्रम पर भी विचार-विमर्श किया।
सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, अपना दल (सोनेलाल) के राम निवास वर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की आराधना मिश्रा ‘मोना’, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल सिंह बालियान, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर, निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल के रमेश सिंह, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने भाग लिया। सभी दलों ने विधानसभा अध्यक्ष को सदन के सुचारू संचालन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके पूर्व विधानसभा की कार्य-मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी चार दिवसीय विधानमंडल सत्र की कार्यवाही एवं विधायी कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य, सुशील कुमार शाक्य, जय प्रताप सिंह, सिद्धार्थ नाथ सिंह, पंकज सिंह, रवि शर्मा, रविदास मेहरोत्रा, डॉ. संग्राम यादव, आशु मलिक तथा विशेष आमंत्रित सदस्यों राम निवास वर्मा, राजपाल सिंह बालियान, रमेश सिंह, ओम प्रकाश राजभर, आराधना मिश्रा ‘मोना’, कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’, उमाशंकर सिंह एवं राम नरेश अग्निहोत्री उपस्थित रहे।

Check Also

लोधेश्वर धाम में मुख्यमंत्री ने किया अभिषेक, निर्माणाधीन कॉरिडोर का लिया जायजा, योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रसिद्ध लोधेश्वर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES