Breaking News

उत्तर प्रदेश में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ

– हर युवा एक व्यक्ति को नशे से मुक्त कराने का ले संकल्प: राज्यपाल
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का उत्तर प्रदेश स्तरीय शुभारंभ रविवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ब्राउन हॉल में हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10 हजार से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक युवा शक्ति को विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया।
 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुईं। उनके साथ खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, केजीएमयू की कुलपति पद्मश्री प्रो. डॉ. सोनिया नित्यानंद, युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एल.वाई. तथा माय भारत उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय समेत कई गणमान्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में 300 से अधिक माय भारत स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर नशामुक्त भारत का संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति का भी सबसे बड़ा शत्रु है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक खेल, फिटनेस, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों, सेवा कार्यों और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से देशभर में चलाया जाएगा।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं से अपील की कि प्रत्येक युवा कम से कम एक व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि यदि हर युवा एक जीवन बदलने का प्रयास करे तो नशामुक्त समाज का लक्ष्य शीघ्र हासिल किया जा सकता है। उन्होंने केजीएमयू द्वारा गोद लिए गए गांवों का उल्लेख करते हुए छात्रों से घर-घर सर्वे कर नशे से प्रभावित लोगों की पहचान करने तथा चिकित्सकीय परामर्श और जनजागरूकता के माध्यम से उन्हें मुख्यधारा में लाने का सुझाव दिया।
प्रदेश के सभी जिलों और विकास खंडों में माय भारत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में एनएसएस स्वयंसेवकों, युवा मंडलों और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प दोहराया।

Check Also

सिविल अस्पताल में शुरू हुई डिजिटल ई-हॉस्पिटल व्यवस्था, सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल चिकित्सालय में मंगलवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES