Breaking News

गंगा एक्सप्रेसवे पर 25 फीट गहरी खाई में गिरी स्लीपर बस, 44 यात्री घायल, चालक-परिचालक फरार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में सिद्धार्थनगर से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस 25 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में बच्चों समेत 44 यात्री घायल हो गए, जबकि चार यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद चालक और परिचालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसा पचदेवरा थाना क्षेत्र में भाहपुर सपहा पुलिया के पास सुबह करीब चार बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार सिद्धार्थनगर के बासी से शनिवार को दिल्ली के लिए रवाना हुई बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। यात्रियों का आरोप है कि हादसे से पहले चालक और परिचालक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान चालक मोबाइल फोन पर भी बात कर रहा था। सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 25 फीट नीचे खाई में जा गिरी।
बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव पुलिस बल और एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सभी घायलों को जलालाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार बस में 100 से अधिक यात्री सवार थे, जबकि परिचालक ने केवल 70 से 75 टिकट ही जारी किए थे। इससे ओवरलोडिंग की आशंका भी सामने आई है। घायल यात्री शफीक ने बताया कि उन्होंने चालक को मोबाइल पर बात करने से मना किया था, लेकिन उसने उनकी बात अनसुनी कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही और ओवरलोडिंग हादसे की प्रमुख वजह प्रतीत हो रही है। फरार चालक और परिचालक की तलाश की जा रही है तथा पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाहपुर सपहा पुलिया के पास हादसे के बाद इसमें बैठे हादसे में घायल यात्रियों में डुमरियागंज खेसरहा की अर्पिता शुक्ला, फजल, मनोज पाठक, सुनील कुमार, अमित कुमार, बस्ती छावनी की गीता, अर्जुन, दिव्यांशी व दिव्यांश, सिद्धार्थनगर की अनुराधा, अथर्व व अनवी, डुमरियागंज निवासी राधेश्याम, हैदर अली, बस्ती के इटवा के मूवीन, बस्ती के नरखेरिया के कृष्णा मोहन, गीता यादव, विनय यादव, विशाल, अनिल, सचिन, कृष्णा पांडेय, बनवारी लाल, बासी के राहुल पाठक और सिद्धार्थनगर के शहजाद, अजय, तबस्सुम, राजेश, आशिका, आंचल, मोहन कुमार, अकबर अली, मुन्ना व केशवराम समेत कुल 44 यात्री घायल हुए हैं।
एक्सप्रेसवे समेत जिले से होकर सभी मार्गाें से निकलने वाली सवारी बसों का अभियान चलाकर निरीक्षण किया जाएगा। इसमें कोई भी बस मानकों को दरकिनार करते हुए चलती पाई गई तो उसका चालान कर बंद करवाया जाएगा। – अरविंद कुमार सिंह, उप संभागीय परिवहन अधिकारी

Check Also

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट निगरानी में जांच हो, सांसद अवधेश प्रसाद की मांग

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES