वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास 5- कालिदास मार्ग, लखनऊ से पंजाब में बाढ़ विभिषिका से प्रभावित किसानों के लिए बीज सहायता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार सदैव देश के अन्य राज्यों के साथ खड़ी रहती है। बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों की मदद करना हमारा नैतिक और सामाजिक दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ ने किसानों की फसलें बर्बाद कर दी हैं, जिससे अनेक परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भेजी जा रही यह बीज सहायता न केवल राहत का माध्यम है, बल्कि किसान भाइयों के मनोबल को भी मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि भारत की कृषि संस्कृति हमें ‘अन्नदाता’ के सम्मान और सहयोग की प्रेरणा देती है, और इसी भावना से यह सहायता भेजी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि बीज सामग्री समय पर और सुरक्षित रूप से प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और सशक्त करेगी। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि उत्तर प्रदेश के किसानों का यह योगदान पंजाब के कृषकों के लिए नई उम्मीद और पुनर्निर्माण का आधार बनेगा। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान सहयोग और सेवा की भावना से भरा माहौल दिखाई दिया।