Breaking News

हनुमानगढ़ी के प्रसाद में मिली मिलावट, दो नमूने फेल… अपने बयान से पलटे सहायक आयुक्त खाद्य

वेब वार्ता ( न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
अयोध्या। श्रीराम की नगरी अयोध्या स्थित प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर के प्रसाद में मिलावट का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जांच में मंदिर में चढ़ाए जाने वाले प्रसाद के तीन नमूने लिए गए थे, जिनमें से दो जांच में फेल पाए गए। इनमें बेसन के लड्डू और देसी घी शामिल हैं, जिन्हें परंपरागत रूप से बजरंगबली को अर्पित किया जाता है। जांच में इनके शुद्ध न होने की पुष्टि हुई है।
गौरतलब है कि अयोध्या आने वाले लगभग 99 प्रतिशत श्रद्धालु हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन करते हैं। राम जन्मभूमि परिसर में प्रसाद ले जाने पर रोक है, लेकिन हनुमानगढ़ी और कनक भवन में भक्त अपनी श्रद्धा से भोग चढ़ाते हैं। यही कारण है कि प्रसाद की गुणवत्ता को लेकर हमेशा सतर्कता बरतने की आवश्यकता होती है।
हनुमानगढ़ी की सागरिया पट्टी के उत्तराधिकारी महंत संजय दास ने पहले ही प्रसाद विक्रेताओं को चेताया था कि केवल उच्च गुणवत्ता के बेसन और शुद्ध देसी घी से ही लड्डू बनाए जाएं। इसके लिए कीमत भी 450 से 500 रुपये प्रति किलो तक तय की गई थी। इसके बावजूद जांच में मिलावट सामने आना गंभीर मामला माना जा रहा है।
सहायक आयुक्त खाद्य बोले, उत्पादों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं :
सहायक आयुक्त खाद्य मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि विभाग ने 31 दुकानों से नमूने लिए थे। इनमें से बेसन और देसी घी के दो नमूने फेल पाए गए हैं। इन उत्पादों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं रही और देसी घी में रैसिडिटी (बासीपन की मात्रा) अधिक पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ दुकानदार प्रसाद में कृत्रिम रंग मिला रहे हैं। सख्त निर्देश दिए गए हैं कि प्रसाद में किसी भी तरह का रंग न मिलाया जाए। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। दीपावली को ध्यान में रखते हुए अब विभाग और सख्ती बरतेगा। एफडीए की टीम बाजारों में खोया, पनीर, बेसन और अन्य खाद्य सामग्री की निगरानी कर रही है ताकि नकली और मिलावटी उत्पादों की बिक्री पर लगाम लगाई जा सके।
कुछ ही घंटों में अपने बयान से पलटे सहायक आयुक्त खाद्य :
कुछ ही घंटों में अपने पहले के बयान से पलटते हुए सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि सोमवार को खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की तरफ से फूड सेफ्टी ऑन व्हील को हनुमानगढ़ी के पास तैनात किया गया था। यहां पर खाद्य विक्रेताओं की ओर से विभिन्न तरह के खाद्य पदार्थों की चेकिंग कराई गई थी। इसी क्रम में शृंगार हाट के पास की दुकानों की चेकिंग के दौरान लड्डू में रंग की मात्रा ज्यादा पाई गई थी। ऐसे में दुकानदारों को रंग न मिलाने के लिए जागरूक किया गया।

Check Also

गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी, बाजार में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारकानपुर। कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के निनाया बाजार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES