वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शनिवार को विधानसभा भवन में इंडो कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICCC) के अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव के नेतृत्व में इंडो अमेरिकन बिजनेस चैंबर ऑफ एसएमई (IABC) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में आईएबीसी महिला प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश की संयोजक आर्किटेक्ट अनीता श्रीवास्तव तथा अर्चना सिंह भी शामिल रहीं।
प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को भारत–कनाडा व्यापारिक संबंधों में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि आईएबीसी के चेयरमैन डॉ. अजय प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में हाल ही में कनाडा गए व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का ओंटारियो प्रांतीय संसद में मंत्री नीना तांगरी ने स्वागत किया। इसे दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक और औद्योगिक सहयोग का सकारात्मक संकेत बताया गया।
बैठक में आईसीसीसी और आईएबीसी ने भारत और कनाडा के बीच व्यापार, निवेश तथा औद्योगिक सहयोग को और सशक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इससे लघु एवं मध्यम उद्यमों (एसएमई), उद्यमियों और निवेशकों के लिए नए अवसर सृजित होंगे तथा द्विपक्षीय व्यापार को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कनाडा की अपनी पूर्व यात्राओं और टोरंटो में इंडो कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों से हुई मुलाकातों को याद किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच आर्थिक, व्यापारिक और जन-से-जन संबंधों को मजबूत बनाने के लिए दोनों संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि ऐसे प्रयास भविष्य में भारत–कनाडा संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।