Breaking News

यंग इंडिया पार्लियामेंट में चार विधेयकों पर सार्थक बहस, सभी प्रस्ताव बहुमत से पारित

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की युवा इकाई यंग इंडियंस (Yi) कानपुर द्वारा आयोजित यंग इंडिया पार्लियामेंट–2026 में लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सत्ता पक्ष, विपक्ष, मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए संसदीय कार्यवाही का जीवंत मंचन किया तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विधेयक, एथेनॉल ब्लेंडिंग विधेयक, राष्ट्रीय गुमशुदा व्यक्ति एवं मानव तस्करी डिजिटल एकीकरण विधेयक तथा डिजिटल सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विधेयक सदन में प्रस्तुत किए गए। इन विधेयकों को क्रमशः आरना, अंशुमान, परी और वैभवी ने पेश किया।
चारों विधेयकों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच गंभीर, तथ्यपरक और सार्थक बहस हुई। प्रतिभागियों ने सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी पहलुओं पर अपने तर्क रखते हुए समर्थन और विरोध में विचार व्यक्त किए। प्रश्नकाल और शून्यकाल की कार्यवाही के बाद संसदीय प्रक्रिया के तहत सभी विधेयकों पर मतदान कराया गया। मतदान में बहुमत का समर्थन मिलने पर चारों विधेयक पारित घोषित किए गए।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने संसदीय मर्यादा, लोकतांत्रिक मूल्यों, तार्किक विमर्श, निर्णय प्रक्रिया और स्वस्थ बहस की संस्कृति को व्यवहारिक रूप से समझा। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और संसदीय परंपराओं का प्रभावी पालन देखने को मिला, जिससे प्रतिभागियों को विधानसभा की वास्तविक कार्यप्रणाली को निकट से जानने और समझने का अवसर मिला।

Check Also

रालोद संसदीय बोर्ड में अनिल दुबे की एंट्री, संगठन को मिलेगी नई मजबूती

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES