Breaking News

डॉ. पल्लवी ने छात्रों को दिए “संघर्ष, अनुशासन और सेवा से मिलती है सफलता” का मंत्र

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर एस.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में वागा सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल की संस्थापक एवं वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. पल्लवी सिंह ने विद्यार्थियों को सफलता, अनुशासन और सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में उन्हें नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और सामाजिक सरोकारों के लिए सम्मानित भी किया गया।
समारोह में डॉ. पल्लवी सिंह ने एस.आर. ग्लोबल और इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने संघर्ष और सफलता की यात्रा साझा की। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत निरंतर हो और अनुशासन दिनचर्या का हिस्सा बन जाए तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं रहती। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, सकारात्मक सोच विकसित करने और चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका समाधान खोजने की सीख दी। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी अच्छी आदतें ही भविष्य में बड़ी सफलताओं का आधार बनती हैं।
कार्यक्रम में डॉ. पल्लवी सिंह की चिकित्सा उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। बताया गया कि उन्होंने कम उम्र में ही 25 हजार से अधिक सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन कर उल्लेखनीय कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविरों के माध्यम से पांच लाख से अधिक लोगों की निःशुल्क जांच और उपचार कर समाज सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। वक्ताओं ने कहा कि उनकी विशेषज्ञता, सेवा भावना और मानवीय दृष्टिकोण ने हजारों लोगों के जीवन में नई रोशनी और उम्मीद का संचार किया है।
डॉ. पल्लवी सिंह ने सम्मान के लिए एस.आर. ग्रुप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और ईमानदारी से किया गया कार्य ही किसी भी व्यक्ति की सबसे बड़ी पहचान बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को भी जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

Check Also

लखनऊ एयरपोर्ट पर पार्किंग की नई दरें लागू, कमर्शियल वाहनों का बढ़ा शुल्क; नो-पार्किंग में अब क्लैंप और जुर्माना

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वाणिज्यिक वाहनों के एयरपोर्ट एक्सेस, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *