Breaking News

चिकित्सक दिवस पर डॉ. पल्लवी सिंह सम्मानित, 25 हजार से अधिक मोतियाबिंद ऑपरेशन कर रचा कीर्तिमान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर एस.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में आयोजित समारोह में वागा सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल की संस्थापक एवं वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. पल्लवी सिंह को 25 हजार से अधिक सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन और उल्लेखनीय नेत्र चिकित्सा सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में उनकी चिकित्सा उपलब्धियों को जनसेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. पल्लवी सिंह ने वर्षों से हजारों मरीजों को सफल उपचार देकर उनकी आंखों की रोशनी लौटाने का कार्य किया है। उनकी विशेषज्ञता, सेवा भावना और मानवीय संवेदनाओं ने असंख्य परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां पहुंचाई हैं। उन्होंने आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वक्ताओं ने कहा कि 25 हजार से अधिक सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन किसी भी चिकित्सक के लिए बड़ी उपलब्धि है और यह युवा चिकित्सकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर डॉ. पल्लवी सिंह को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना की गई। उन्होंने सम्मान के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है तथा भविष्य में भी वह पूरी निष्ठा के साथ समाज को बेहतर नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराती रहेंगी।
समारोह में एस.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन एवं सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान, वाइस चेयरपर्सन निर्मला सिंह चौहान, वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान सहित संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Check Also

जसदण पटारी हैंडीक्राफ्ट को मिला जीआई टैग, गुजरात की पारंपरिक कला को नई पहचान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार राजकोट। गुजरात के पारंपरिक शिल्प जसदण पटारी हैंडीक्राफ्ट को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES