Breaking News

जैन धर्म आपसी प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना के लिए प्रेरित करता है : केशव प्रसाद मौर्य

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
झांसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एक दिवसीय दौरे पर वीरांगना नगरी झांसी पहुंचे, जहां उन्होंने पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं गजरथ महोत्सव कार्यक्रम में भाग लेकर श्रद्धालुओं और जनसमूह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने जैन समाज के आचार्यों, मुनियों और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा विश्व में अद्वितीय है। जैन धर्म द्वारा प्रतिपादित अहिंसा, सत्य, त्याग और करुणा के सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं और लोगों को आपसी प्रेम, सद्भाव तथा सेवा की भावना के लिए प्रेरित करते हैं। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्मार्ट सिटी परियोजना और हर घर जल योजना के कार्यों में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा विकास का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने की है।
बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री ने जिले के विधायकों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया और उनके क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं व विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार उनके सुझावों को गंभीरता से लेकर काम कर रही है। सर्किट हाउस में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिकों से भी उप मुख्यमंत्री ने मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से किया जाए।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में झांसी सहित पूरे क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए जाएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Check Also

होंडा इंडिया फाउंडेशन ने यूपी पुलिस को सौंपे 50 क्विक रिस्पॉन्स टीम वाहन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। सड़क सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत बनाने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES