Breaking News

लखनऊ में होगी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस 2026, इंडिया एआई और यूपी सरकार करेंगे मेजबानी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। इंडिया एआई, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से 12 और 13 जनवरी 2026 को लखनऊ में उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन का उद्देश्य शासन और सार्वजनिक सेवा वितरण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के नवाचारी उपयोगों को सामने लाना और राज्य-स्तरीय पहलों को इंडिया एआई मिशन के लक्ष्यों से जोड़ना है। यह सम्मेलन 16 से 20 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में होने वाले इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले आयोजित होने वाला पूर्ववर्ती कार्यक्रम है और देशभर में प्रस्तावित आठ क्षेत्रीय सम्मेलनों की श्रृंखला का हिस्सा है।

लखनऊ में होने वाला यह दो दिवसीय सम्मेलन वरिष्ठ नीति-निर्माताओं, केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों, वैश्विक संस्थानों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शोधकर्ताओं और नवप्रवर्तकों को एक मंच पर लाएगा। सम्मेलन में जिम्मेदार, समावेशी और व्यापक स्तर पर लागू किए जा सकने वाले एआई समाधानों पर चर्चा होगी। खासतौर पर स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण में एआई की भूमिका पर फोकस रहेगा।

सम्मेलन के दौरान वैश्विक एआई परिदृश्य, एआई आधारित स्वास्थ्य सेवा वितरण, राज्य स्तर की तैयारियों, क्षमता निर्माण, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई-सक्षम डायग्नॉस्टिक्स और कार्यबल सशक्तिकरण जैसे विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। स्टार्टअप शोकेस, हैकाथॉन के परिणाम और उद्योग आधारित प्रस्तुतियां भी इसका हिस्सा होंगी।

सम्मेलन से पूर्व 12 जनवरी को “आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण के लिए एआई” विषय पर इंडिया एआई वर्किंग ग्रुप की बैठक आयोजित की जाएगी। इस सम्मेलन से निकले निष्कर्षों के इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के राष्ट्रीय रोडमैप में शामिल होने की उम्मीद है।

Check Also

पालि साहित्य से विश्व को शांति और समानता का संदेश, अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में गूंजा समरसता का स्वर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ/मेरठ। पालि दिवस के अवसर पर आयोजित 17वें अंतर्राष्ट्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES