वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की स्थापना दिवस की स्मृति में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय यूपी दिवस-2026 को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारियों के तहत पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्रेरणा स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि 24 से 26 जनवरी, 2026 तक राजधानी लखनऊ में होने वाला यह आयोजन प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, विकास यात्रा और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की संकल्पना को देश-विदेश के सामने प्रस्तुत करेगा।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि यूपी दिवस के माध्यम से प्रदेशवासियों को अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हुए नए उत्तर प्रदेश का दर्शन कराया जाए। इसी उद्देश्य से यूपी दिवस-2026 को प्रदेश के सभी 75 जनपदों के जिला मुख्यालयों पर भी आयोजित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोग अपने जिले की स्थापना और विकास यात्रा से जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, आर्थिक सामर्थ्य और विकास को वैश्विक मंच देने के लिए विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों और देश के सभी राजभवनों में भी यूपी दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनपद, मंडल और राज्य स्तर पर गायन, नृत्य, वादन और नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। साथ ही जिलों की विकास यात्रा पर आधारित विशेष फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान और माटीकला बोर्ड सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
जयवीर सिंह ने बताया कि इस आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और मेडिकल सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संस्कृति विभाग और एलडीए के अधिकारी भी उपस्थित रहे।