Breaking News

ट्रांसफार्मर चोरी से ठप हुई बिजली, 10 हजार घरों में 18 घंटे तक छाया अंधेरा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राजधानी के मोहान रोड स्थित सलेमपुर पतौरा इलाके में मंगलवार देर रात चोरों ने ट्रांसफार्मर को निशाना बनाकर बड़ा बिजली संकट खड़ा कर दिया। आधी रात करीब 12 बजे 250 केवीए का ट्रांसफार्मर चबूतरे से गिराकर उसमें से तांबा चोरी कर लिया गया। घटना के बाद एफसीआई उपकेंद्र से जुड़े लगभग 10 हजार परिवारों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। बिजली करीब 18 घंटे बाद बुधवार शाम छह बजे बहाल हो सकी।
बिजली गुल होने से इलाके में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। रात में ही नहीं, सुबह भी पानी की सप्लाई प्रभावित रही। घरों में इनवर्टर जवाब दे गए और मोबाइल चार्जिंग तक की समस्या खड़ी हो गई। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता अमित कुमार आनंद ने बताया कि चोरों ने पहले 11 हजार वोल्ट की सप्लाई बंद कराई और फिर ट्रांसफार्मर गिराकर तांबा निकाल लिया। इस वारदात से विभाग को करीब चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हैरानी की बात यह रही कि घटना की जानकारी सुबह नौ बजे मिली, जिसके बाद पुलिस और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर जांच की।
विशेषज्ञों के मुताबिक चोर ओवरहेड लाइन में करंट खत्म करने के लिए लोहे की चेन फेंककर लाइन ट्रिप कराते हैं। उनका कहना है कि यदि ट्रिप होने पर ऑपरेटर तुरंत लाइन चालू कर दे और लाइनमैन समय पर मौके पर पहुंचे तो ऐसी चोरी रोकी जा सकती है।
उधर अमौसी जोन के मुख्य अभियंता महफूज आलम ने बताया कि ट्रांसफार्मर चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें रोकथाम के लिए विशेषज्ञों से सुझाव लिए जाएंगे।

Check Also

पालि साहित्य से विश्व को शांति और समानता का संदेश, अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में गूंजा समरसता का स्वर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ/मेरठ। पालि दिवस के अवसर पर आयोजित 17वें अंतर्राष्ट्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES